
मसूरी में बीते दिनों हुई भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मसूरी–देहरादून मार्ग पूरी तरह से बंद होने के चलते पर्यटन नगरी का संपर्क राजधानी से कट गया है और कई पर्यटक मसूरी में ही फंसे हुए हैं। हालात बिगड़ने पर मसूरी होटल एसोसिएशन आगे आई है और फंसे पर्यटकों को निशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की है। दूसरी ओर प्रशासन युद्धस्तर पर मार्ग खोलने के काम में जुटा है। शिव मंदिर के पास जहां सड़क पूरी तरह बह गई थी, वहां वैली ब्रिज बनाने का काम रात-दिन चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि कल शाम तक छोटे वाहनों के लिए मार्ग खोला जा सकेगा। जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन मौके पर डटे हैं, जबकि स्थानीय लोग भी फंसे यात्रियों को रस्सियों के सहारे सुरक्षित पार करा रहे हैं। गौरतलब है कि बारिश से मसूरी–देहरादून मार्ग करीब 16 जगहों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे पर्यटन नगरी का अन्य शहरों से संपर्क टूट गया।

