
उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर से आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी हो गया है यह आरोप एक एआई वीडियो को लेकर हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर एआई तकनीक का दुरुपयोग कर उनका फर्जी वीडियो वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। इसी को लेकर उन्होंने देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। हरीश रावत ने कहा कि यह प्रयास उत्तराखंड के राजनीतिक सौहार्द और सामाजिक वातावरण को बिगाड़ने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले भी जुम्मे की नमाज की छुट्टी और मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे मुद्दों पर झूठ फैला चुकी है। इस बार उन्हें देशद्रोही और पाकिस्तान का जासूस बताने तक की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो भाजपा प्रमाण दे, अन्यथा यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। रावत ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे एसएसपी, डीएम, चुनाव आयोग से लेकर कोर्ट तक जाएंगे और न्याय यात्रा भी शुरू करेंगे।

