
देहरादून जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित कर रही हैं। अब तक जनपद में 1 लाख 33 हजार से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आशीष चौहान जिलाधिकारी देहरादून ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि SIR अभियान के तहत घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं और मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए।

