
राजधानी देहरादून में भारी बारिश के बीच लोगों का जोश हाई दिखा और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को सुनने के लिए बन्नू स्कूल में जनसैलाब उमड़ पड़ा। राहुल गांधी ने देहरादून के बन्नू स्कूल में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों से संवाद कर सिस्टम को जमकर घेरा।
राहुल गांधी ने सबसे पहले उत्तराखंड के युवाओं का बारिश के बीच कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद किया और परीक्षाओं में पेपर लीक को देश के युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बताया। राहुल गांधी ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है इससे लाखों युवाओं का विश्वास टूट रहा है। पेपर लीक में पूरा सिस्टम शामिल है ऊपर से नीचे तक जवाबदेही तय होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षाएं कराना सरकार की जिम्मेदारी है न कि निजी कंपनियों की और पूरी तरह सुरक्षित और छात्र-केंद्रित परीक्षा प्रणाली बनाई जाने चाहिए। वहीं छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

