
एक हिंदू युवक पर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और मारपीट किए जाने के आरोप को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सहसपुर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
विहिप जिलाध्यक्ष रमेश ढोंढियाल और बजरंग दल जिला संयोजक शेखर बंसल के नेतृत्व में कार्यकर्ता थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि युवक पर लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन आरोप है कि अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, एक पुलिसकर्मी पर पीड़ित को ही डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया गया है।
प्रदर्शन के दौरान संगठन ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही गई।
विहिप और बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों की शिकायतों की अनदेखी जारी रही तो वे आंदोलन तेज करेंगे।

