उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से शनिवार सुबह बड़ी खबर सामने आई। देहरादून के सहस्त्रधारा से केदारनाथ धाम की ओर जा रहे ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
स्टेडियम में उतरा हेलीकॉप्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी होते हुए केदारनाथ धाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी सामने आने पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर उतार दिया।
स्टेडियम में मौजूद लोगों में मची अफरा-तफरी
जिस समय हेलीकॉप्टर ने स्टेडियम में लैंडिंग की, उस समय वहां स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे और बच्चे भी मैदान में मौजूद थे। अचानक हेलीकॉप्टर को मैदान में उतरता देख लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर हट गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
30 से 35 मिनट बाद दोबारा भरी उड़ान
हेलीकॉप्टर के उतरने के बाद पायलट ने तकनीकी खराबी की जांच की और तकनीकी विशेषज्ञों से संपर्क कर समस्या का समाधान किया। करीब 30 से 35 मिनट तक स्टेडियम में रुकने के बाद तकनीकी खामी दूर की गई, जिसके बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर उड़ान भरी।
सभी छह लोग सुरक्षित, बड़ा हादसा टला
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे और तकनीकी खराबी के कारण उसे बौराड़ी स्टेडियम में उतारना पड़ा। सभी के सुरक्षित होने से प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
इस घटना में पायलट की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से संभावित खतरा टल गया। फिलहाल तकनीकी खराबी के विस्तृत कारणों को लेकर अतिरिक्त आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
