Cm Dhami Journalist Ghoshna:सीएम धामी ने पत्रकारों के लिए की महत्वपूर्ण घोषणाएं, मान्यता प्राप्त पत्रकारों की पेंशन राशि में होगी वृद्धि

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व दीपावली सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही उनकी कामना है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार न केवल आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देते हैं, बल्कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को भी सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। इससे सरकार और प्रशासन को यह समझने में सहायता मिलती है कि विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का धरातल पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना और संचार के माध्यमों में तेजी से बदलाव आया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नई तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं पैदा की हैं। वहीं फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। विश्वसनीय पत्रकारिता समाज को भ्रमित होने से बचाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करती है।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा संबंधी हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकार पेंशन में पूर्व में भी वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध हो।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को जनसंचार के क्षेत्र में भी एक मजबूत पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार आगे भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर पत्रकारों का सहयोग आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।

Editor1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

Amit Shah Uttarakhand Saugat:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को दी सौगात, ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

Fri Nov 6 , 2026
Share on Facebook Tweet it Pin it Share on Facebook Tweet it Pin it     केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 06 से 13 नवम्बर तक आयोजित उत्तराखण्ड राज्योत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत परेड ग्राउंड, देहरादून में ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं […]

You May Like

Breaking News

पढ़ें अब विभिन्न भाषाओं में

  • News eye से जुड़ने और विज्ञापन के लिए संपर्क करें +919389292171 , newseye.work@gmail.com