
उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में 21 और 22 नवंबर को भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पार्टी के सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा करना रहा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और लोगों का विश्वास जीतने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए जनता का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से जुड़ना चाहिए और विपक्ष की बातों का जवाब तथ्यों के आधार पर देना चाहिए।
राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से आपसी एकता, अनुशासन और पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का भरोसा भी जताया।
भाजपा ने जताया तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा
हरिद्वार में आयोजित इस विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को उत्तराखंड में भाजपा के मिशन-2027 के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संबोधन के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया गया।
बैठक के समापन पर पार्टी नेतृत्व ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
