
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रीन चारधाम यात्रा अभियान शुरू किया जाएं और शीतकालीन यात्रा स्थलों के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री ने आज आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर कार्य किये जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शीतकाल यात्रा के स्थलों का मास्टर प्लान तैयार किया जाए। इनके आसपास के क्षेत्रों को भी विकसित किया जाए। बैठक के बाद पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए समय पर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

