
सरकार के तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इन तीन सालों में राज्य सरकार ने जनहित में कई साहसिक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने इसे देवभूमि के लिए शानदार और ऐतिहासिक समय बताया। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन को अहम बताते हुए कहा कि “युवाओं का उत्तराखंड” आज अच्छे नेतृत्व, मेहनत और दृढ़ शक्ति के साथ तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता से जो भी वादे किए थे, वे सभी वादे समय पर पूरे किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान कई चुनौतियां सरकार के सामने आई लेकिन समका सामना करते हुए वो देवभूमि की जनता के साथ डटकर खड़े रहे।

