
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजी) उत्तराखंड के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश के आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के विरोध में महासभा के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून प्रमोद कुमार को प्रार्थना पत्र सौंपकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
प्रतिनिधि मंडल के अनुसार, संतोष वर्मा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था, “जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी का दान न कर दे या मेरे बेटे से संबंध न बनवा दे, तब तक आरक्षण जारी रहे।” यह अभद्र टिप्पणी ब्राह्मण समाज की महिलाओं के प्रति भेदभावपूर्ण और अपमानजनक है।

महासभा ने यह भी स्पष्ट किया कि संतोष वर्मा का संबंध आजक्स संगठन के अध्यक्ष से गलत तरीके से जोड़ा गया है; संगठन के वास्तविक अध्यक्ष अशोक वर्मा ने इसका खंडन किया है और बताया कि संतोष वर्मा के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे चल रहे हैं और वे छह महीने की सजा भी काट चुके हैं।
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने इस प्रकार के अधिकारी की कड़ी निंदा की है और पुलिस से अनुरोध किया है कि संबंधित मुकदमों और पिछली सजाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए।

