Banbasa Badminton Court:सीएम धामी ने बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारंभ एवं शिलान्यास, खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार किए वितरित

 

 

अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। खेल किट खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासनपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना ‘आदर्श उत्तराखण्ड’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य से खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और खेल के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

 

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

 

 

 

उन्होंने कहा कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र की परिवहन एवं संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित करेंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये की लागत से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत सरकार के उपक्रम एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने के साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों, युवाओं और क्षेत्रवासियों से खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मकता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है और चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Editor1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

Global Investors Summit:ग्लोबल इन्वेस्टर समिट पर भ्रामक खबरों को सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे ने किया खारिज, बोले—₹1.01 लाख करोड़ से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग

Sun Oct 18 , 2026
Share on Facebook Tweet it Pin it Share on Facebook Tweet it Pin it     उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2023 को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों और उठाए जा रहे सवालों पर सचिव उद्योग एवं सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडे ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि […]

You May Like

Breaking News

पढ़ें अब विभिन्न भाषाओं में

  • News eye से जुड़ने और विज्ञापन के लिए संपर्क करें +919389292171 , newseye.work@gmail.com