Table Top Uttarakhand:13 जनपदों की आपदा प्रतिक्रिया तैयारियों समन्वय एवं संसाधनों की हुई समीक्षा, राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित

 

 

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत राज्य में व्यापक स्तर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के क्रम में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन दिवस के शुभारंभ हो गया है। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने की।

टेबल टॉप एक्सरसाइज में राज्य के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों एवं संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों को सामने रखते हुए जनपदों की पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव की कार्ययोजना तथा कमांड एवं नियंत्रण व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

अभ्यास के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिस्थितियां दी गईं और उनसे यह जाना गया कि ऐसी स्थिति में सूचना प्राप्त होने से लेकर घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने तथा आवश्यकतानुसार अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए किस प्रकार की कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में हमारी प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी तत्पर और प्रभावी है, इसका आकलन करना है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय कुछ मिनटों का समय भी महत्वपूर्ण होता है। इसलिए प्रत्येक जनपद में यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि सूचना प्राप्त होने के बाद कौन-सी एजेंसी क्या कार्रवाई करेगी, संसाधन कहां से जुटाए जाएंगे, संचार कैसे स्थापित होगा और घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण किस प्रकार संचालित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने हमें सिखाया है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट भूमिका, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी सीख को राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से टेबल टॉप एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

 

*28 नवंबर को होगी राज्यव्यापी मॉक ड्रिल*

 

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से लेकर तहसील एवं स्थानीय स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित होगी तथा लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान उत्तराखण्ड की भौगोलिक एवं आपदा संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबस्र्ट फ्लड, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी का जलस्तर बढ़ना, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क दुर्घटना, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटना, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना, बांधध्जलाशय से आकस्मिक जल प्रवाह, हेली इमरजेंसी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को आधार बनाया जाएगा।

 

*राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का भी होगा परीक्षण*

 

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना एवं संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। राहत शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार तथा गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों की तैनाती का भी अभ्यास किया जाएगा।

Editor1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

Cm Dhami Manglor Ghoshna:सीएम धामी ने मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली को किया संबोधित, क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न घोषणाएं कीं

Wed Nov 25 , 2026
Share on Facebook Tweet it Pin it Share on Facebook Tweet it Pin it     मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद हरिद्वार के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने कहा […]

You May Like

Breaking News

पढ़ें अब विभिन्न भाषाओं में

  • News eye से जुड़ने और विज्ञापन के लिए संपर्क करें +919389292171 , newseye.work@gmail.com