
अल्मोड़ा में बड़ा हादसा हो गया जहां तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के समीप एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो गई इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक छह यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि सैलापानी के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई। अब तक पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई है। मृतकों की पहचान और पते का पता लगाने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है। हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

