
चारधाम यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर ये है कि सरकार ने इस बार यात्रा को और ज्यादा सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए खास इंतज़ाम किए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को, केदारनाथ के 2 मई को और बद्रीनाथ के कपाट 4 मई को खोले जाएंगे। वहीं, हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुल रहे हैं। पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन के किसी को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 20 लाख पार कर चुका है, और 28 अप्रैल से ऋषिकेश, हरिद्वार और विकासनगर में ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू की जा रही है। सरकार की ओर से यात्रा मार्गों पर हेल्थ चेकअप कैंप, पुलिस सहायता केंद्र और जानकारी देने वाले बूथ लगाए गए हैं। इस बार भीड़ नियंत्रण के लिए ई-पास सिस्टम भी लागू किया गया है।

