
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्ततम पलटन बाजार में सुबह सुबह सरे आम युवती की हत्या हरिद्वार में रविदास जयंती के कार्यक्रम में दो लोगों की हत्या ऋषिकेश में युवती की हत्या प्रदेश के अलग अलग इलाकों में चोरी लूटपाट व डकैती की घटनाएं एक बार फिर साबित कर रही हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है यह आरोप आज सदस्य एआईसीसी व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह से समाप्त हो चुका है और हालत इतने बिगड़ गए हैं कि अपराधी राजधानी की पलटन बाजार जैसे भीड़ भाड़ वाले इलाके में युवती पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर रहा है और ऋषिकेश में भी इसी प्रकार से युवती की हत्या कर दी गई और हरिद्वार में भी दिन दहाड़े रविदास जयंती पर आयोजित भंडारे में हुई गोलीबारी में दो लोगों की हत्या हो गई। धस्माना ने कहा कि प्रदेश में पुलिसिंग नाम की कोई चीज़ नहीं है उन्होंने कहा कि पलटन बाजार में हुई युवती की हत्या की घटना में मृत युवती द्वारा बीती ३१ जनवरी को कोतवाली पुलिस को अपनी जान को खतरा बताया गया था किंतु पुलिस ने उस शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया और दो दिन बाद ही उसकी हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि अराजक और अपराधी तत्व जहां मर्जी आपराधिक घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं और पुलिस कुछ मामलों में अपराधियों को गिरफ्तार करने पर ही अपनी पीठ थपथपा रही है। धस्माना ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में उत्तराखंड पहले ही पर्वतीय राज्यों में शीर्ष स्थान पर है और अब हत्या लूट डकैती में भी अपने पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश को कड़ी टक्कर दे रहा है। धस्माना ने कहा कि आगामी सोलह फरवरी को राजधानी देहरादून में आयोजित कांग्रेस के राजभवन घेराव में प्रदेश की ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था मुख्य मुद्दों में से एक रहेगी।

