
उत्तरकाशी में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए है। भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून से प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद उत्तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों और थाना क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी जुटाई।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार केवल भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। हालांकि, जनपद की अन्य किसी भी तहसील से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन के अनुसार अब तक जनपद के किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान अथवा किसी अन्य प्रकार की क्षति की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सभी तहसीलों और संबंधित विभागों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने बताया कि फिलहाल जनपद में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। यदि कहीं से किसी प्रकार की आपात सूचना प्राप्त होती है, तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
