
देहरादून: Tans Humanity Foundation की ओर से बुधवार को देहरादून स्थित ग्राफिक एरा हिल्स यूनिवर्सिटी के प्रो. के.पी. नौटियाल ऑडिटोरियम में ‘वॉयस ऑफ पीस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की रक्षा और आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड के दस वीर जवानों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रत्येक शहीद परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीदों के परिजनों को सम्मान स्वरूप 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए। उन्होंने वीर जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवारों का सम्मान करना और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, शांति और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया गया। ‘वॉयस ऑफ पीस’ के मंच से शहीद परिवारों के त्याग, संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उनके प्रति समाज की कृतज्ञता भी व्यक्त की गई।
Tans Humanity Foundation की इस पहल का उद्देश्य शहीद परिवारों को सम्मान और आर्थिक सहयोग देने के साथ ही समाज में उनके बलिदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

