
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन और सिफारिशें प्राप्त करने की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। पद्म पुरस्कारों के नामांकन की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2025 है। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशें राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी। भारत रत्न के बाद पद्म पुरस्कार अर्थात पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। वर्ष 1954 में स्थापित इन पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। ये पुरस्कार उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्माानित करता है। पद्म पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों और विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों और सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। चिकित्सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कारों के पात्र नहीं हैं। सरकार पद्म पुरस्कारों को “पीपल्स पद्म” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसीलिए सभी नागरिकों से नामांकन या फिर सिफ़ारिश करने का अनुरोध किया है।
