
गूगल ने अपने यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एक नया सिक्योरिटी फीचर रोलआउट किया है। इस फीचर का नाम Selfie Video है। इसकी मदद से यूजर्स अब अपने गूगल अकाउंट में साइन-इन करने या अकाउंट रिकवर करने के लिए सेल्फी वीडियो के जरिए अपनी पहचान सत्यापित कर सकेंगे।
गूगल ने अपने लेटेस्ट ब्लॉग पोस्ट में इस नए फीचर की जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, अगर किसी यूजर को अपने गूगल अकाउंट में लॉग-इन करने में परेशानी हो रही है या वह अपने पुराने फोन, कंप्यूटर या अन्य डिवाइस से अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहा है, तो वह एक छोटी सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी पहचान वेरिफाई कर सकता है। वेरिफिकेशन सफल होने के बाद यूजर को दोबारा अपने अकाउंट तक पहुंच मिल सकेगी।
गूगल ने इस फीचर का डेमो वीडियो भी साझा किया है, जिसमें बताया गया है कि सेल्फी वीडियो के माध्यम से पहचान सत्यापन की प्रक्रिया कैसे पूरी की जाएगी। कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स के लिए अकाउंट रिकवरी को आसान और ज्यादा सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पेश किया गया है।

गूगल ने यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर भी स्पष्ट किया है कि सेल्फी वीडियो और उससे जुड़ा डेटा पूरी तरह एन्क्रिप्टेड रहेगा। यह जानकारी कंपनी की सिक्योरिटी सेविंग्स में सुरक्षित रूप से स्टोर की जाएगी। कंपनी के अनुसार, वीडियो केवल यूजर की अनुमति के बाद ही रिकॉर्ड और सेव किया जाएगा।
गूगल ने बताया कि इस वीडियो का इस्तेमाल केवल साइन-इन और पहचान सत्यापन के लिए किया जाएगा। जब तक यूजर खुद इसे किसी अन्य उद्देश्य के लिए साझा करने की अनुमति नहीं देता, तब तक इसका उपयोग किसी दूसरे काम में नहीं किया जाएगा।
यूजर्स को यह सुविधा भी दी गई है कि वे भविष्य में कभी भी अपने अकाउंट से इस सेल्फी वीडियो को डिलीट कर सकते हैं। गूगल का नया फीचर खास तौर पर उन यूजर्स के लिए मददगार साबित हो सकता है, जिन्हें पासवर्ड भूलने, पुराने डिवाइस की अनुपलब्धता या अकाउंट एक्सेस से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

