देहरादून में कैंट विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के ऊर्जावान, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए सौरभ थपलियाल और अन्य पार्षद पदों के लिए भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से जिताने के लिए घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं का प्रचार करने का आह्वान किया।
सीएम ने कहा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निष्ठा ने हमेशा पार्टी को सफलता दिलाई है और इस बार देहरादून नगर निगम चुनाव में भी भाजपा कार्यकर्ता जीत की नई मिसाल कायम करेंगे। देहरादून को आदर्श शहर बनाने और यहाँ के लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए भाजपा की सरकार हमेशा तत्पर रही है।निकाय क्षेत्र में ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनने के बाद विकास योजनाओं का तेजी से विस्तार होगा।