
मौसम की तमाम चुनौतियों तथा विषम परिस्थितियों की परवाह न करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धराली में ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर, हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए, राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे कर्मियों से भी भेंट की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत सामग्री समयबद्ध तरीके से प्रभावितों तक पहुंचे। सीएम ने उत्तरकाशी स्थित आपदा परिचालन कक्ष से धराली में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ ही प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अतिवृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा की। अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के साथ ही नदी, नालों के किनारे रहने वाले लोगों को अन्यत्र शिफ्ट करने एवं खाद्यान्न, ज़रूरी दवाओं आदि का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से प्रभावित सड़कों पर यथाशीघ्र यातायात बहाल किया जाए। पौड़ी और चमोली जनपद में आई आपदा से प्रभावितों को भोजन, कपड़े, दवाइयां उपलब्ध कराने एवं SDRF Uttarakhand Police, National Disaster Response Force, India, सेना और BRO के साथ निरंतर सम्पर्क बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

