उत्तराखंड के समग्र विकास को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की और राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री से देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए 63.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुरोध किया। यह सेंटर साइबर अपराधों की रोकथाम और विशेषज्ञ प्रशिक्षण में एक अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य की विद्युत अधोसंरचना को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान का मुद्दा भी उठाया और मांग की कि इसे एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के तहत क्षतिपूर्ति के दायरे में लाया जाए। वहीं सितारगंज केंद्रीय कारागार के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री ने 150.16 करोड़ रुपये की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य ने 3.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाने के लिए उत्तराखंड निवेश उत्सव का आयोजन पंतनगर-रुद्रपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह को इस निवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को ‘नए भारत’ की कल्पना के अनुरूप विकसित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।


