
देहरादून नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौकों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान देने की दिशा में एक अहम पहल शुरू की है। इसी क्रम में शहर के प्रसिद्ध कनक चौक का नाम बदलकर अब “महर्षि वाल्मीकि चौक” किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल द्वारा निरीक्षण के दौरान लिया गया।
महापौर ने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थलों के नामकरण के माध्यम से महान विभूतियों और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को सम्मान देना नगर निगम का उद्देश्य है। इससे न केवल शहर की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में मदद मिलेगी, बल्कि नई पीढ़ी को भी साहित्यिक और ऐतिहासिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
महापौर के निर्णय के बाद नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नाम परिवर्तन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दे दिए हैं। चौक पर नए नाम का बोर्ड लगाए जाने के साथ ही सरकारी अभिलेखों में भी संशोधन किया जाएगा।
इसी कड़ी में लैंसडाउन चौक का नाम बदलकर “वीर केसरी चंद चौक” रखने का भी निर्णय लिया गया है। नगर निगम का कहना है कि यह नामकरण उत्तराखंड और देश के गौरवशाली इतिहास को उजागर करेगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख स्थानों के नामकरण पर भी विचार किया जाएगा। निगम का दावा है कि इस पहल से शहर में साहित्यिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा और देहरादून की पहचान और अधिक समृद्ध होगी।

