केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आज सैनिक स्कूल घोड़ाखाल पहुंचे। उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया और कैडेटों व कर्मचारियों से बातचीत की। अपने संबोधन में संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को साझा किया। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखता है, जब भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा।
उन्होंने बताया कि यह परिवर्तनकारी रोडमैप समावेशी विकास, सतत प्रगति और प्रभावी शासन पर जोर देता है। उन्होंने कैडेटों से सफलता प्राप्त करने के लिए तीन मुख्य सिद्धांतों — समर्पण, अनुशासन और भक्ति — को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कैडेटों को अपने माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों का आदर करने की सलाह दी और कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के भविष्य के मार्गदर्शक के रूप में उन्हें राष्ट्र की सेवा के प्रति अडिग समर्पण दिखाना चाहिए। सैनिक स्कूल के प्रिंसिपल ग्रुप कैप्टन विजय सिंह डंगवाल ने स्कूल के विकास और प्रगति के लिए रक्षा राज्य मंत्री के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।